खेतड़ी : डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी चुनाव:8 मतदान केंद्रों पर डाले गए वोट, अध्यक्ष पद के लिए एडीजी क्राइम मैदान में

खेतड़ी : राजस्थान प्रदेश स्तरीय डॉ. अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसायटी के कार्यकारिणी का चुनाव प्रदेश भर के 91 बूथों पर रविवार को चुनाव हुआ। इसके लिए झुंझुनूं जिले के आठ मतदान केंद्र बनाए गए, जिसमें खेतड़ी, बुहाना व सिंघाना का मतदान केंद्र खेतड़ी नगर के रविदास मंदिर में बनाया गया है। मतदान शुरू होते ही मेघवाल समाज के लोग, अधिकारी, कर्मचारी मतदान करने के लिए गाड़ियों में सवार होकर मतदान केंद्र पर पहुंचे। इस मतदान केंद्र पर मतदाताओं में आम चुनाव की तरह काफी उत्साह देखने को मिला।

जानकारी के अनुसार प्रदेश स्तरीय कार्यकारिणी के अध्यक्ष पद के उम्मीदवार खेतड़ी के मूल निवासी आईपीएस डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा एडीजी क्राइम राजस्थान पुलिस भी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल वेलफेयर सोसाइटी का प्रदेश स्तरीय कमेटी के चुनाव में पोलिंग बूथ रविदास मंदिर खेतड़ी नगर में मतदाताओं में काफी उत्साह के साथ मतदान करते देखा गया। सोसायटी के चुनाव में लोकतांत्रिक व्यवस्था का पूर्ण ध्यान रखते हुए निष्पक्ष चुनाव में मतदान करते हुए महिलाओं को और युवाओं में जोश के साथ मतदान किया गया।

मतदान केंद्र पर सिंघाना, बुहाना व खेतड़ी क्षेत्र के आजीवन सदस्य एवं संरक्षक सदस्यों ने मतदान किया। इस मतदान में भाग लेने के लिए अनुसूचित जाति वर्ग के अधिकारी, कर्मचारी जो राजस्थान प्रदेश से बाहर अन्य शहरों में नौकरी कर रहे हैं, वह भी छुट्टियां लेकर मतदान करने पहुंचे। दिल्ली पुलिस के एसआई ईश्वर सिंह ने बताया कि सामाजिक जागरूकता का इस चुनाव में संदेश देखा जा सकता है। समाज के विकास के लिए बनाई गई सोसाइटी के सक्रिय सदस्य मतदान करते हैं। चुने हुए सोसाइटी के सदस्य समाज की दशा दिशा एवं सर्वांगीण विकास के लिए नीतियां निर्धारित करते हैं। राजस्थान प्रदेश की सबसे बड़े सामाजिक संगठन जिसमें करीब 80 हजार मतदाता है। अध्यक्ष पद के लिए तीन उम्मीदवार मैदान में है। वरिष्ठ उपाध्यक्ष महासचिव कोषाध्यक्ष पद के लिए चुनाव हो रहा है। चुनाव परिणाम की घोषणा 15 नवंबर को जयपुर में की जाएगी। शाम पांच बजे तक 92 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके बाद पोलिंग प्रक्रिया को समाप्त कर दिया गया।

Web sitesi için Hava Tahmini widget