जोधपुर : जोधपुर सिलेंडर ब्लास्ट में पांच की मौत, 40 की हालत गंभीर, घायलों से मिलने पहुंचे सीएम गहलोत

जोधपुर : जोधपुर जिले में शादी समारोह में पांच गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में दूल्हे और उसके माता-पिता सहित 60 लोग झुलस गए। वहीं, पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा शेरगढ़ के पास भूंगरा गांव में गुरुवार दोपहर सवा तीन बजे हुआ। यहां तख्त सिंह के घर में शादी समारोह था, घर से बारात रवाना होने वाली थी, तभी अचानक सिलेंडर फट गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना की सूचना मिलने पर कलेक्टर हिमांशु गुप्ता हॉस्पिटल पहुंचे। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप कच्छावा ने बताया कि गंभीर हालत में जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल में एडमिट करवाया गया है। इनमें आठ लोग 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलसे हैं। 48 लोग वार्ड में एडमिट हैं और एक बच्चा आईसीयू में है। जबकि पांच और सात साल के दो बच्चों सहित पांच लोगों ने दम तोड़ दिया। 40 से ज्यादा लोगों की हालत गंभीर है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत घायलों से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि घायलों को बचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसकी जांच होगी।

खाना बनाते समय लगी आग

घटना जोधपुर के शेरगढ़ क्षेत्र के गांव भूंगरा में गुरुवार दोपहर हुई। गांव में रहने वाले तख्त सिंह के बेटे के शादी थी। घर से बारात रवाना होने की तैयारी हो रही थी। घर में रुके रिश्तेदारों के लिए खाना बनाया जा रहा था।

बताया गया है कि एक सिलेंडर में लीकेज हो गया। देखते ही देखते पांच सिलेंडरों ने आग पकड़ ली और तेज धमके के साथ सभी सिलेंडर फट गए। इनकी चपेट में आने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई।

गांव में हड़कंप, जलते हुए भागे लोग

वहीं पूरे घर में आग ही आग फैल गई। तेज धमाकों की आवाज सुन इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों के कपड़ों में आग लग गई। जलते हुए लोग अपनी जान बचाकर भागे। सूचना पर जिलाधिकारी हिमांशु गुप्ता मौके पर पहुंचे।

सभी घायलों को डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां से 51 घायलों को महात्मा गांधी अस्पताल के लिए रैफर किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में दूल्हा और उसके पिता समेत 60 लोग झुलसे हैं।

बराती एक जगह मौजूद थे…
जहां ये हादसा हुआ, वहां काफी संख्या में बराती मौजूद थे। झुलसे लोगों को शेरगढ़ लाया गया। यहां से कुछ लोगों को जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल की बर्न यूनिट में रेफर किया गया है। ग्रामीण एसपी अनिल कयाल ने बताया, पांच सिलेंडर फटे थे। खाना बनाते समय अचानक एक सिलेंडर में लीकेज हुआ और आग पकड़ ली। इसी दौरान वहां पास में मौजूद पांच सिलेंडर ने भी आग पकड़ ली और धमाके होने लगे। जहां सिलेंडर फटे, वहां करीब 100 लोग मौजूद थे।

अस्पताल में अफरा-तफरी…
हादसे की सूचना मिलने के बाद जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल प्रबंधन को अलर्ट कर दिया गया था। शाम करीब साढ़े पांच बजे एक बाद एक पहुंचे घायलों से अस्पताल में अफरा-तफरी का माहौल हो गया। शादी समारोह के दौरान हॉल के एक चौक में महिलाएं बैठकर बातें कर रही थीं। इस दौरान एक सिलेंडर ब्लास्ट होकर महिलाओं के ऊपर गिरा। घायलों में महिलाओं की संख्या ज्यादा बताई जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर आरसीए अध्यक्ष वैभव गहलोत और विधायक मनीषा पंवार, शेरगढ़ विधायक मीना कंवर भी अस्पताल पहुंची।

खोखसर जानी थी बारात…
शेरगढ़ के सुरेंद्र सिंह की गुरुवार को भूंगड़ा गांव से खोखसर बारात जानी थी। दूल्हे की बहन गवरी कंवर ने बताया, हम शादी में शामिल होने आए थे। 300 से ज्यादा लोग यहां जुटे थे। बुधवार रात को ही सुरेंद्र सिंह के घी पिलाने की रस्म हुई थी। दोपहर में बारात जानी थी, लेकिन इससे पहले ही हादसा हो गया। उन्होंने बताया, शादी के लिए करीब 20 सिलेंडर लाए गए थे।

हादसे में ये लोग झुलसे…

  • दूल्हा सुरेंद्र सिंह
  • दूल्हे के पिता शक्ति सिंह
  • दूल्हे की मां दाकू कंवर
  • दूल्हे की बहन रसाला कंवर
  • दूल्हे का भाई सांग सिंह
  • दूल्हे की भाभी पूनम कंवर
  • दूल्हे के दो भतीजे एपी और रतन भी झुलसे

इनका इलाज जारी…
डिंपल (13), कावेरी (19), कंचन कंवर (45), गवरी कंवर (40), रुकमा कंवर (40), सुरेंद्र सिंह (30) ,साजन कंवर (56), रावल राम (18), मगाराम (19), जस्सा कंवर (36), सूरज कंवर (50), कनक कंवर (45), प्रकाश (16), सुरेंद्र सिंह (25), धापू कंवर ( 15), सज्जन कंवर ( 10), पप्पू कंवर ( 30), किरण ( 40), महेश पाल ( 8), रसल कंवर ( 29), तेज सिंह ( 50), दिलीप कुमार ( 24), सज्जन कंवर ( 35), सुगन कंवर ( 35), अनची कंवर ( 40), पूनम (25), दुर्ग सिंह ( 26), संगत सिंह ( 50), उम्मेद ( 30), सुआ कंवर ( 60) का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दो महीने बाद दूसरा सिलेंडर ब्लास्ट कांड
बता दें कि जोधपुर में दो महीने में ये दूसरा मामला है, जब सिलेंडर ब्लास्ट कांड सामने आया है। इससे पहले 8 अक्टूबर को शहर के कीर्ति नगर में गैस रिफिलिंग के दौरान ऐसा ही हादसा हुआ था। इसमें भी 15 से ज्यादा लोग झुलस गए थे और पांच से ज्यादा की मौत हुई थी। खास बात ये है कि दो महीने बाद 8 दिसंबर को दोबारा जोधपुर के शेरगढ़ में सिलेंडर ब्लास्ट कांड ने दहला दिया।

सीएम-केंद्रीय मंत्री ने जताया दुःख…
इस घटना पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दुख जताया है। दोनों ने जिला कलेक्टर से बात कर हादसे की पूरी जानकारी ली। इलाज में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए।

Web sitesi için Hava Tahmini widget