मेरठ : रिटायर्ड फौजी की मिली टोल प्लाजा के निकट झाड़ियां में लाश, जांच में जुटी पुलिस

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब यहां दौराला थाना क्षेत्र के शिवाया टोल प्लाजा के निकट झाड़ियों में रिटायर्ड फौजी का शव मिला। शव मिलने की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले में जांच की जा रही है।

 

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, राधे कुंज कॉलोनी में रहने वाला 47 वर्षीय रविंद्र सिंह फौज से रिटायर था। फौजी काफी समय से रविंद्र लावड़ रोड स्थित शील कुंज कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।

 

मृतक रिटायर्ड फौजी रविंद्र की पत्नी अनीता के मुताबकि, बृहस्पतिवार रात लगभग 10:00 बजे रविंद्र घर से खाना खाने के बाद किसी को बताए बिना आधे-अधूरे कपड़ों में ही घर से निकल गया था। सुबह जागने पर जब रविंद्र घर में नहीं मिला तो परिवार के लोग उसकी तलाश में जुट गए। शुक्रवार दोपहर रविंद्र की लाश सिवाया टोल प्लाजा के निकट झाड़ियों में पड़े होने की जानकारी मिलने पर मृतक रिटायर्ड फौजी के परिवार वालों में कोहराम मच गया।

 

मामले में दौराला थाना प्रभारी उत्तम सिंह राठौड़ ने बताया कि रिटायर्ड फौजी की मौत का कारण प्रथम दृष्टा से जहर खाना प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद परिवार द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।

 

 

 

 

Web sitesi için Hava Tahmini widget