उत्तर प्रदेश : शक में प्रेमी ने की मेकअप आर्टिस्ट की हत्या:मैं राजा भैया का करीबी…कहकर रौब जमाता था रिषभ, जॉब ढूंढने आया था, लिव-इन में रहने लगा

उत्तर प्रदेश : लखनऊ में मेकअप आर्टिस्ट रिया गुप्ता की हत्या की वजह शक का कीड़ा है। रिया खुले विचारों की लड़की थी और जिंदगी अपने हिसाब से जी रही थी। पहले रिषभ को भी रिया की यही लाइफस्टाइल पसंद थी। दोनों लिव-इन में रहने लगे थे। यही नहीं, उसे लगता था कि रिया किसी और को डेट कर रही है।

इसलिए रिषभ उसकी लाइफस्टाइल पर कंट्रोल करना चाहता था। उसको बाहर निकलने की मना करने लगा। दोस्तों से बात करने की मना करता था। रिषभ के दिमाग में शक इस कदर बैठ गया कि उसने रिया के दिल और दिमाग में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी।

रिषभ प्रतापगढ़ का रहने वाला है। वह अपने दोस्तों से कहता था कि मैं राजा भइया का करीबी हूं। रिया को भी वह बार-बार यही कहकर डराता था। उस पर रौब झाड़ता था। उस पर बंदिशें लगाता था। रिया जब शादी की कहती थी तो वह शादी के लिए तैयार नहीं होता था। लिव-इन में रहने और शादी न करने के बारे में जब पुलिस ने रिषभ से सवाल किया तो उसने जवाब दिया, “वह दूसरे लड़कों के साथ घूम रही थी।”

सबसे पहले पूरे मामले पर एक नजर…

रिषभ को पार्टियों में जाना पसंद था। अपने संबंध वो हाई क्लास लोगों से दिखाता था।
रिषभ को पार्टियों में जाना पसंद था। अपने संबंध वो हाई क्लास लोगों से दिखाता था।

पूरी वारदात सुशांत गोल्फ सिटी के पैराडाइज क्रिस्टल अपार्टमेंट में हुई। यहां फ्लैट नंबर-203 में रिया और ऋषभ लिव-इन में रहते थे। गुरुवार दोपहर दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर वीडियो अपलोड करने को लेकर झगड़ा शुरू हुआ। पहले मारपीट हुई। इसके बाद ऋषभ ने रिया को गोली मार दी। फिर घर का दरवाजा बंद कर अपार्टमेंट के आस-पास ही घूमता रहा।

इधर, परिजन बेटी को फोन कर रहे थे, लेकिन जब काफी देर तक फोन रिसीव नहीं हुआ, तो वह फ्लैट पहुंचे। दरवाजा खोलकर अंदर आए तो बेटी की लाश पड़ी थी। इसके बाद पुलिस पहुंची। क्योंकि, ऋषभ फ्लैट से गायब था। इसलिए सीधा शक उसी पर गया। पुलिस ने थोड़ी देर में ही उसे पकड़ लिया।

अब पढ़िए रिया और रिषभ की पहली मुलाकात कहां हुई…फिर किस वजह से दोनों करीब आए। चलिए, सिलसिलेवार तरीके से पढ़ते हैं…

ये तस्वीर रिया गुप्ता ने हत्या से कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी।
ये तस्वीर रिया गुप्ता ने हत्या से कुछ दिन पहले अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट की थी।

रिया को पसंद आया था रिषभ का रईसी वाला अंदाज
दरअसल, रिषभ प्रतापगढ़ के भदौरियन का पुरवा का रहने वाला है। उसके पिता सिंचाई विभाग में बाबू और भाई प्रतापगढ़ में ही एक स्कूल चलाता है। ‌रिषभ प्रतापगढ़ से M.sc करके लखनऊ में जॉब ढूंढने आया था। यहां कृष्णानगर परिकल्पनगर में किराए के मकान में रहता था। उसको लग्जरी लाइफ पसंद थी। अक्सर गोमतीनगर की समिट बिल्डिंग में जाता था। खुद को रईस साबित करने के लिए खूब पैसे भी खर्च करता था।

यही समिट बिल्डिंग में नवंबर 2022 में एक बार में पार्टी के दौरान रिया से उसकी मुलाकात हुई। रिषभ के रईसी अंदाज से रिया उसके करीब आ गई। दोनों की पहले दोस्ती हुई। फिर दोनों साथ में ही पार्टियों में आने-जाने लगे। इसके बाद दोनों ने तय किया कि हमें साथ रहना चाहिए। क्रिस्टल पैराडाइज अपार्टमेंट में किराए का फ्लैट लिया।

रिया की रिषभ से पहली मुलाकात नवंबर 2022 में हुई थी।
रिया की रिषभ से पहली मुलाकात नवंबर 2022 में हुई थी।

पहले 2-3 महीने तक सब कुछ ठीकठाक चला। मगर, धीरे-धीरे रिषभ के लिए रिया का खर्च उठाना मुश्किल होता चला गया। लेकिन रिया अपने ही तरीके से लाइफ जी रही थी। वह पहले ही तरह पार्टी करती और दोस्त के साथ टहलती थी। इस बात को लेकर रिषभ और रिया के बीच टकराव शुरू हो गया।

अब हत्या के बाद रिषभ ने पुलिस कस्टडी में जो बयान दिए, वो भी आपको बताते हैं…

मेकअप आर्टिस्ट रिया गुप्ता के कई वीडियो उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट हैं।
मेकअप आर्टिस्ट रिया गुप्ता के कई वीडियो उनके सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट हैं।

लुलु मॉल में सैलून खोलना चाहती थी, मुझसे पैसा मांग रही थी
रिषभ ने पूछताछ में पुलिस को बताया, ”रिया के झूठ और बढ़ती पैसों की मांग ने मुझे परेशान कर दिया था। वह कुछ दिनों से लुलु मॉल में मेकअप सैलुन खोलना चाहती थी। इसके लिए उसको रुपए चाहिए थे। शादी का दबाव भी बना रही थी। गुरुवार दोपहर हम फ्लैट में थे। हमारे बीच शादी को लेकर झगड़ा हुआ। उसने धमकी दी कि छोड़कर गए तो तुमको गोली मार दूंगी…नहीं तो खुद को गोली मार लूंगी।’

उसने बताया, ”रिया बहुत कुछ पाने के लिए कुछ भी करने को तैयार थी, वह जो दिखती थी वो थी नहीं…। उसने अपने जीवन की कई सच्चाई को छिपा रखा था। वह शादी का दबाव बना रही थी। जबकि रोज नए लड़कों से साथ घूमती थी। उसने लग्जरी कार में बैठकर एक वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था। इसको लेकर भी विवाद हुआ था। जब उसने मरने और मारने की धमकी दी तो गोली मार दी।”

आखिर वीडियो में क्या है?

दरअसल, रिया ने अपने इंस्टा पर 8 अगस्त को कार का एक वीडियो अपलोड किया था। इसमें वह कार ड्राइव कर रही थी और बैकग्राउंड में चल रहा है..हर बार दुश्मनों से बच नहीं जाओगे। यही नहीं, रिया ने कैप्शन में लिखा था कि आई डोंट केयर।

चलिए अब आपको बताते हैं रिया के परिजनों का क्या कहना है…

पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिवार के लोगों ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।
पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे परिवार के लोगों ने मीडिया से बात करने से इनकार कर दिया।

रिषभ पर मारपीट, धमकी देने का भी केस दर्ज
इंस्पेक्टर सुशांत गोल्फ सिटी अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया,”सदर कैंट ओल्ड गोला बाजार की रहने वाली गीता गुप्ता ने हमें तहरीर सौंपी है। वो रिया की मां हैं। रिषभ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया। कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। उसके खिलाफ पहले भी कृष्णानगर थाने में मारपीट और धमकी देने का एक केस दर्ज हुआ था।

‘मेरी बेटी लिव-इन में नहीं रहती थी’
रिया की मां गीता गुप्ता ने कहा,”रिया लिव-इन रिलेशनशिप में नहीं रहती थी। वह फ्लैट में अकेले रहती थी। कृष्णानगर में रहने वाले रिषभ सिर्फ मिलने आता था। उसने बेटी को फंसाया था। आर्थिक शोषण कर रहा था। उसके संबंध कई अन्य युवतियों से भी थे।”

परिवार के साथ वैष्णो देवी जाने वाली थी रिया
इंस्पेक्टर अतुल श्रीवास्तव के मुताबिक, शुक्रवार को रिया परिवार संग माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई। परिवार के 20 सदस्यों का टिकट था। परिजनों के मुताबिक पहले जम्मू जाने का कार्यक्रम 17 अगस्त का था, लेकिन रिया के कहने पर उसे 18 अगस्त कराया गया।

यह फोटो रिया ने अपने इंस्टा पर 29 जुलाई को शेयर किया था। लिखा था कि हर पल जिंदगी का अब बस धुआं है। न जाने सुकून-ए जिंदगी अब कहां है।
यह फोटो रिया ने अपने इंस्टा पर 29 जुलाई को शेयर किया था। लिखा था कि हर पल जिंदगी का अब बस धुआं है। न जाने सुकून-ए जिंदगी अब कहां है।

पहली शादी लव मैरिज थी, 2 साल बाद तलाक
परिजनों के मुताबिक, मेकअप आर्टिस्ट रिया ने 2019 में पुष्पेंद्र सिंह बत्रा से लव मैरिज की थी। दोनों के अलगाव के बाद वह अकेले फ्लैट में रह रही थी। रिया के पिता शिव शक्ति गुप्ता मानसिक रोगी हैं। उनका इलाज चल रहा है। वह किसी से मिलते-जुलते नहीं हैं।

रिषभ ने कहा-पिस्टल रिया की थी
ADCP दक्षिण शशांक सिंह के मुताबिक, हत्या के लिए इस्तेमाल हुई पिस्टल बरामद कर ली गई है। रिषभ का कहना है कि यह पिस्टल रिया की थी। जिसे वह अपने पास रखती थी। उसके इस दावे की जांच की जा रही है।

ये रिया के इंस्टाग्राम एकाउंट की तस्वीर है। उनके 11 हजार फॉलोवर थे।
ये रिया के इंस्टाग्राम एकाउंट की तस्वीर है। उनके 11 हजार फॉलोवर थे।
Web sitesi için Hava Tahmini widget