झुंझुनूं-खेतड़ी : खेतड़ी में भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक:’नहीं सहेगा राजस्थान’ अभियान को सफल बनाने पर हुई चर्चा, प्रदेश सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया

झुंझुनूं-खेतड़ी : खेतड़ी के गोटाघर में रविवार को भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक हुई। भाजपा नेता इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया।

बैठक में इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि झूठे वादे कर सत्ता में आने वाली कांग्रेस सरकार से हर वर्ग परेशान हो रहा है। प्रदेश सरकार की नाकामी के कारण कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ गई है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे है। सरकार की विफलता के चलते बेरोजगार युवाओं के सपने चूर हुए हैं।

उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं की ओर से आरपीएससी का घेराव कर पेपर लीक मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई थी। इस दौरान कांग्रेस सरकार ने दमनकारी नीति अपनाते हुए विरोध कर रहे लोगों पर बर्बरता पूर्वक लाठियां बरसाई, जिससे अनेक लोग घायल भी हो गए थे। कांग्रेस सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है, जिसका सीधा असर युवाओं, किसानों और बेरोजगारों पर पड़ रहा है।

सरकार के अपने लोग ही भ्रष्टाचार में इतने डूब गए कि प्रदेश की जनता को सड़कों पर आने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पिछले कुछ समय से आरपीएससी में हुई धांधली में पैसे के लालच के चलते युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया गया है।

प्रदेश में आए दिन महिलाओं के साथ अत्याचार की घटनाएं सामने आ रही हैं। इसके बावजूद भी प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान को लेकर कोई प्रभावी कदम नहीं उठा रही है। ऐसे में जनविरोधी सरकार को उखाड़ने के लिए भाजपा की ओर से एक अगस्त को जयपुर में बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इसके लिए युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई है।

इस मौके पर पूर्व पालिका अध्यक्ष विजेश शाह, गजेंद्र जलंद्रा, निखिल शर्मा, ज्योति भारद्वाज, शशि सैनी, डॉ. सोमदत्त भगत, गजेंद्र पारीक, सतीश खाड़िया, शेर सिंह निर्वाण, रानी सरकार, सत्यवीर सिंह चंदेला, सोनू अग्रवाल, लक्षमण सैन, रतनलाल शर्मा, कैलाश फरेरा, लक्ष्मीकांत जोशी, जयप्रकाश सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

Web sitesi için Hava Tahmini widget