झुंझुनूं-खेतड़ी(गाडराटा) :  गाडराटा में बाड़े में घुसा लेपर्ड:चार बकरियों का किया शिकार, वन विभाग की टीम पहुंची मौके पर

झुंझुनूं-खेतड़ी(गाडराटा) :  खेतड़ी उपखंड के गाडराटा पंचायत की ढाणी निर्झरिया में रात को एक लेपर्ड बकरियों के बाड़े में घुस गया। इस दौरान बाड़े में बंधी हुई चार बकरियों का शिकार कर लिया। लेपर्ड के आने की सूचना से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीण महिला विमला देवी ने बताया कि वह सुबह चार बजे उठी तो बकरियां जोर से आवाज कर रही थी। बकरियों के बाड़े में जाकर देखा तो एक लेपर्ड बकरियों को खा रहा था। इस दौरान उसने शोर मचाया तो परिवार के अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे। ढाणी में लेपर्ड आने पर अन्य ग्रामीण भी इकट्ठा हो गए और वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना पर वन विभाग और बबाई पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की जानकारी ली।

बाड़े में बैठा लेपर्ड
बाड़े में बैठा लेपर्ड

वन विभाग के रेंजर विजय कुमार फगेडिया ने बताया कि निर्झरिया की ढाणी में एक लेपर्ड आबादी क्षेत्र में घुस जाने की सूचना मिली है, जिसको लेकर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया है। लेपर्ड फिलहाल बकरियों के बाड़े में घुसा हुआ है। लेपर्ड का रेस्क्यू करने के लिए जयपुर से टीम बुलाई गई है। टीम के आने के बाद लेपर्ड का रेस्क्यू कर खेतड़ी बांसियाल रिजर्व कंजर्वेशन में लाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में ग्रामीणों को भी दूर रहने और लेपर्ड को किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं पहुंचाने के लिए निर्देशित किया जा रहा है। खेतड़ी बांसियाल रिजर्व कंजर्वेशन में करीब 15 से अधिक लेपर्ड मौजूद हैं। कई बार लेपर्ड कंजर्वेशन से निकलकर आबादी क्षेत्र में आ जाते हैं।

रिजर्व कंजर्वेशन की चारदीवारी का कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जल्द ही तार फेंसिंग होने के बाद लेपर्ड व अन्य जंगली जानवर कंजर्वेशन से बाहर नहीं आ पाएंगे। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने छह जून को वर्चुअल रूप से उद्घाटन कर खेतड़ी बांसियाल रिजर्व कंजर्वेशन में सफारी की शुरुआत भी की है। इस मौके पर बबाई फोरेस्टर राजेश सिंह, रतन सिंह, एचसी मनोज मीणा, कांस्टेबल बलबीर मीणा सहित पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद है।

Web sitesi için Hava Tahmini widget