हरियाणा : पहलवानों के समर्थन में दिल्ली जा रहे किसानों को टीकरी बॉर्डर पर रोका, नारेबाजी के बाद खोला नाका

हरियाणा : दिल्ली के टीकरी बॉर्डर पर रविवार को एक बार फिर से किसान और दिल्ली पुलिस आमने-सामने हो गए। महिला पहलवानों के समर्थन के लिए जंतर मंतर के लिए निकले किसानों के जत्थे को दिल्ली पुलिस ने टीकरी बॉर्डर पर रोक लिया। लेकिन महिला किसान दिल्ली पुलिस के नाकों को तोड़कर पैदल ही आगे बढ़ चली। महिला किसानों ने एमसीडी के कमर्शियल टोल प्लाजा पर जाकर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। सड़क पर जाम लगा दिया। जिसके बाद दिल्ली पुलिस के हाथ पैर फूल गए और आनन-फानन में महिला किसानों के जत्थे को आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई।

लगभग 10 बसों में सवार होकर महिला किसान पंजाब के विभिन्न हिस्सों से दिल्ली के जंतर मंतर के लिए आई हैं। अपने साथ में खाना बनाने का सामान भी लेकर किसान पहुंचे हैं।

महिला किसानों का कहना है कि सरकार को भारतीय कुश्ती महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह को तुरंत गिरफ्तार करना होगा। महिला पहलवान लगातार धरना प्रदर्शन कर रही हैं और मंच से बता रही हैं कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है। ऐसे में आरोपी को तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। महिलाओं ने कहा कि अगर उन्हें रोका गया तो वहीं रुक जाएंगी। फिलहाल वे एक दिन के प्रदर्शन के लिए दिल्ली आई हैं।

पंजाब की भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) से जुड़ी हुई सैकड़ों महिलाएं कल ही पंजाब से दिल्ली के लिए रवाना हो गई थी। महिलाओं का पहला पड़ाव जींद में था और आज का पड़ाव जंतर मंतर पर रहने वाला है। महिलाओं के साथ भारतीय किसान यूनियन एकता उगराहां के प्रधान जोगेंद्र सिंह उगराहां भी जंतर-मंतर गए हैं। जोगिंदर उगराहां का कहना है कि इस मामले में जांच की जरूरत नहीं है। जब बेटियां कह रही हैं कि उनके साथ यौन शोषण हुआ है तो उन्हें न्याय मिलना चाहिए। बृजभूषण शरण सिंह को जल्द से जल्द गिरफ्तार करना चाहिए और सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए। अगर सरकार ने जल्द ही बृजभूषण शरण को गिरफ्तार नहीं किया तो वह बड़ा आंदोलन करेंगे। इतना ही नहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने भी देश भर में 11 मई से 18 मई तक महिला पहलवानों के समर्थन में प्रदर्शन करने का ऐलान किया है।

काफी देर तक जद्दोजहद के बाद दिल्ली पुलिस ने किसानों के जत्थे की गाड़ियों के नंबर नोट करके किसानों को दिल्ली जाने की अनुमति दे दी। काफी समय तक किसानों और पुलिस की आमने सामने आने से तनाव की स्थिति बनी रही। आज हरियाणा की खाप पंचायतें दिल्ली महापंचायत करने जा रही हैं। इसे देखते हुए दिल्ली के टिकरी बॉर्डर पर भारी संख्या में पुलिस और सीआरपीएफ के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा की जा रही जांच

भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह की गिरफ्तारी की मांग को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों को दिल्ली पुलिस से हुई झड़प के बाद हर तरफ से समर्थन मिल रहा है। किसानों व खापों के समर्थन की घोषणा के बाद दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है। दिल्ली पुलिस ने सिंघु बॉर्डर पर नाका लगा रखा है। वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली में प्रवेश दिया जा रहा है। वहीं कुंडली बॉर्डर पर सोनीपत पुलिस की भी एक कंपनी तैनात कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था बेहतर रखने के साथ ही ट्रैफिक को नियंत्रित करने के लिए पुलिस तैनात है।


दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवान ओलंपियन बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक व विनेश फोगाट लगातार धरना दे रहे हैं। पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण सिंह शरण की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। सांसद बृजभूषण सिंह शरण पर दिल्ली पुलिस पॉक्सो समेत दो धाराओं में मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। जिसकी मांग को लेकर पहलवान डटे हैं। 3 मई की रात को पहलवानों संग दिल्ली पुलिस की झड़प के बाद उन्हें लगातार समर्थन मिल रहा है। ऐसे में पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप संगठनों के दिल्ली कूच को लेकर पुलिस अलर्ट पर है। पंजाब व हरियाणा के किसानों व खाप प्रतिनिधियों के दिल्ली में पहुंचने से रोकने के लिए बैरिकेड लगाए गए हैं।

दिल्ली पुलिस की सिंघु बॉर्डर पर भारी संख्या में तैनाती की गई है। इसके साथ ही दिल्ली पुलिस ने वाटर कैनन, रेत से भरकर डंपर व क्रेन भी बॉर्डर पर खड़े किए हैं। दिल्ली पुलिस वाहनों को जांच के बाद ही दिल्ली जाने दे रही है। जिससे वाहनों की कतार लग जाती है।

सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर, एक कंपनी तैनात
दिल्ली पुलिस की तरफ से सुरक्षा बढ़ाने के बाद सोनीपत पुलिस भी अलर्ट पर है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल के नेतृत्व में 100 जवानों की कंपनी को तैनात किया गया है। हालांकि सोनीपत पुलिस वाहनों को नहीं रोक रही है। इंस्पेक्टर जोगेंद्र ग्रेवाल का कहना है कि पुलिस को सुरक्षा की दृष्टि से तैनात किया गया है। साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है।

>
Brasilia
30 Mar
26°C
31 Mar
27°C
1 Abr
26°C
2 Abr
25°C
3 Abr
26°C
4 Abr
27°C
5 Abr
27°C
>
Brasilia
30 Mar
26°C
31 Mar
27°C
1 Abr
26°C
2 Abr
25°C
3 Abr
26°C
4 Abr
27°C
5 Abr
27°C
Light
Dark