जयपुर : पाकिस्तान जा रही लड़की को जयपुर एयरपोर्ट से पकड़ा:लाहौर के बॉयफ्रेंड ने बताया था क्या-क्या झूठ बोलना है, इंस्टाग्राम से हुई थी दोस्ती

जयपुर : पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर, भारत से पाक गई अलवर की अंजू के बाद राजस्थान में एक और ऐसा ही मामला शुक्रवार को सामने आया। सीकर के श्रीमाधोपुर की रहने वाली 17 साल की नाबालिग अपने प्रेमी से मिलने पाकिस्तान जाने के लिए जयपुर एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट पर CISF के जवानों ने उसे कस्टडी में ले लिया। नाबालिग को CISF जवानों ने एयरपोर्ट पुलिस को सौंप दिया। पूछताछ में पता चला कि लड़की लाहौर में अपने प्रेमी से मिलने जा रही थी।

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया कि दोपहर में 2 बजे एक लड़की दो लड़कों के साथ एयरपोर्ट पहुंची। जहां उसने पाकिस्तान का टिकट मांगा। एयरपोर्ट स्टाफ ने पहले मजाक समझा, लेकिन उसके बाद लड़की ने उन्हें बताया कि वह पाकिस्तानी है। अपनी बुआ के साथ तीन साल पहले भारत आई थी। वह सीकर के श्रीमाधोपुर में रह रही थी। कुछ दिन पहले उसका बुआ से झगड़ा हो गया। इसके बाद वह शुक्रवार सुबह बस से जयपुर पहुंच गई।

बस में मिले दो लड़के, एयरपोर्ट छोड़ने आ गए
लड़की के साथ मौजूद दोनों लड़कों ने पूछताछ में बताया कि लड़की जिस बस में थी, वह भी उसी बस में बैठे थे। बस में उनकी लड़की से बात हुई। वह उसे छोड़ने के लिए एयरपोर्ट तक पहुंच गए।

लड़की से पुलिस के साथ ही एटीएस और आईबी के अफसरों ने भी पूछताछ की।
लड़की से पुलिस के साथ ही एटीएस और आईबी के अफसरों ने भी पूछताछ की।

डीसीपी ईस्ट ज्ञानचंद यादव ने बताया कि लड़की ने पहले बताया कि वह लाहौर के पास इस्लामाबाद की रहने वाली है। इसके बाद महिला केंद्र से भी महिलाओं को बुलाकर लड़की से पूछताछ की गई।

पूछताछ में सामने आया कि लड़की सीकर के श्रीमाधोपुर की रहने वाली है। करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम पर उसकी दोस्ती लाहौर के युवक असलम लाहोरी से हुई थी। लड़की ने बताया कि मेरे स्कूल की दूसरी लड़कियों से भी असलम की दोस्ती है।

असलम ने ही लड़की को झांसा दिया और सिखाया कि एयरपोर्ट पर जाकर उसे क्या बोलना है। लड़की का मोबाइल सीज कर लिया गया है। लड़की के मोबाइल को चेक किया जाएगा।

लड़की के घरवालों को सूचना दे दी गई है। उन्हें भी पता नहीं है कि उनकी लड़की किसी लड़के से मिलने के लिए पाकिस्तान जा रही थी।

पुलिस बोली- हनीट्रेप का मामला लगता है
पुलिस का कहना है कि यह हनीट्रेप का मामला लगता है। लड़की का आरोपी ने ब्रेन वॉश किया था। लड़की ने पूछताछ में बताया है कि उसकी अन्य दोस्त भी इंस्टाग्राम पर असलम लाहौरी के साथ बातें करती हैं। ऐसे में पुलिस लड़की के मोबाइल फोन से असलम का इंस्टाग्राम अकाउंट चैक कर रही हैं। पता किया जा रहा है कि वह भारत की कितनी लड़कियों के संपर्क में था।

1000 रुपए लेकर जाना चाहती थी लाहौर
राजस्थान पुलिस के अधिकारियों ने बताया है कि नाबालिग युवती के पास लाहौर तक की यात्रा के लिए मात्र 1000 रुपए थे। इसमें से 500 रुपए उसने सीकर से जयपुर के यात्रा तक के लिए खर्च कर दिए थे। वह 500 रुपए में ही पाकिस्तान के लाहौर शहर में दोस्त के पास जाना चाहती थी। फिलहाल युवती के बहन और परिजन आ रहे हैं। कानूनी कार्रवाई के बाद इस युवती को परिजनों को सौंप दिया जाएगा। इसके मोबाइल और सोशल मीडिया एकाउंट की जांच की जाएगी।

वहीं, सीकर एसपी करण शर्मा ने बताया- लड़की ने नांगल नाथूसर गांव का जिक्र किया है, लेकिन जब स्थानीय पुलिस ने पूछताछ की तो गांव के लोगों ने बताया- उन्हें उसके बारे में जानकारी नहीं है।

भारत की अंजू ने पाक FB दोस्त से किया निकाह

हालिया घटना में भारत की रहने वाली अंजू पाकिस्तान गई और पाकिस्तान की रहने वाली सीमा हैदर भारत आई। दो बच्चों की 34 वर्षीय मां अंजू ने बीते मंगलवार को अपने 29 वर्षीय पाकिस्तानी फेसबुक मित्र नसरुल्लाह से शादी कर ली। वह नसरुल्लाह से मिलने के लिए 21 जुलाई को अमृतसर के पास वाघा-अटारी सीमा के माध्यम से भारत से पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत गई। दोनों 2019 से फेसबुक के जरिए संपर्क में थे।

अंजू पहले ईसाई धर्म अपना चुकी थी। उसका जन्म उत्तर प्रदेश के कैलोर गांव में हुआ था और वह राजस्थान के अलवर जिले में रहती थी। 2007 में उसने अरविंद से शादी की थी, और वे तब से एक साथ रह रहे थे। अंजू 15 साल की बेटी और छह साल के बेटे को छोड़कर पाकिस्तान गई है।

सीमा हैदर अपने चार बच्चों संग भारत आई

एक अन्य घटना में चार बच्चों की पाकिस्तानी मां सीमा गुलाम हैदर अपने चार बच्चों के साथ नेपाल के रास्ते भारत आई है। वह गौतमबुद्धनगर जिले के सचिन मीणा से पबजी गेम के जरिए संपर्क में आई थी। सीमा हैदर और सचिन को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। इस समय दोनों जमानत पर हैं।

Web sitesi için Hava Tahmini widget