नोएडा : बागेश्वर बाबा के दरबार में महिला को उठाकर फेंका, VIDEO:सेवादार ने की बदसलूकी, पास खड़ा देखने वाला दरोगा सस्पेंड; पुलिस ने दर्ज की FIR

नोएडा : ग्रेटर नोएडा में बागेश्वर धाम सरकार के पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के दिव्य दरबार का एक वीडियो सामने आया है। इसमें सेवादार एक महिला को उठाकर रेलिंग से दूसरी तरफ फेंकता दिख रहा है। महिला दरबार में अर्जी लगाने के लिए रेलिंग फांदकर दूसरी तरफ आ गई थी।

जब सेवादार महिला को उठाकर रेलिंग के दूसरी तरफ फेंक रहा था तब वहां एक दरोगा भी मौजूद था। यह सब वह खड़ा-खड़ा देखता रहा। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खुद मामले पर संज्ञान लेते हुए सूरजपुर थाने में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि सब इंस्पेक्टर रमाशंकर उपाध्याय को निलंबित कर दिया गया है। पीड़ित महिला और सेवादार की पहचान की जा रही है। घटना बुधवार शाम धीरेंद्र शास्त्री के दिव्य दरबार की है।

अफरा-तफरी में भगदड़ जैसे हालात, करीब 10 लोग घायल
इससे पहले बुधवार को भीड़ ज्यादा होने से अफरा-तफरी मच गई। गर्मी-उमस से कई लोग बेहोश हो गए। 10 लोगों को चोटें आई हैं। सभी को अस्पताल में भर्ती किया गया है। घटना के वक्त कार्यक्रम में 5 लाख से ज्यादा लोग मौजूद थे। दरबार में अर्जी लगाने की होड़ मची थी। इसी दौरान भीड़ बेकाबू हो गई। बताया यह भी जा रहा है कि वीआईपी पास से पीछे छोटे से गेट से एंट्री करवाई जा रही थी।

वहां बिजली के तार होने से एक महिला को करंट लग गया। वहीं दरबार के आयोजकों ने भगदड़ की बात से इंकार किया। कहा-जो वीडियो सामने आए हैं, उनको गलत तरीके से पेश किया गया है। अनुमान से ज्यादा लोग आ गए। उसी की वजह से थोड़ी दिक्कत हुई।

कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने 3 पंडाल लगाए
बुधवार को कार्यक्रम के लिए आयोजकों ने 3 पंडाल लगाए। लेकिन भीड़ इतनी बढ़ गई कि तीनों पंडाल भर गए। पंडाल के बाहर भी भक्तों की भीड़ लगी रही। बड़ी संख्या में VVIP पास जारी किए गए थे। स्थिति को देख पुलिस ने श्रद्धालुओं से दिव्य दरबार के समाप्त होने की बात कही। धीरेंद्र शास्त्री के मंच पर चढ़कर पुलिस लोगों से वापस घर जाने की अपील करने लगी। लोगों से कहा गया कि वे घरों से ही प्रवचन सुनें। टीवी पर उनका कार्यक्रम आ रहा है।

बुधवार को जब यह घटना हुई उस वक्त दैनिक भास्कर की टीम दिव्य दरबार में ही थी। हमने वहां लोगों से बात की। अर्जियों के बारे में पूछा। आइए सबकुछ एक तरफ से बताते हैं…

7 किलोमीटर दूर से ही रास्ता बताने लगते हैं लोग
पंडित धीरेंद्र शास्त्री का दरबार जैतीपुर में लगा है। कार्यक्रम सुबह 10 बजे शुरू होने लगते हैं। लेकिन लोगों की भीड़ सुबह 6 बजे से ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए जद्दोजहद करने लगती है। हम करीब 7 किलोमीटर दूर थे तभी लोगों ने बताना शुरू कर दिया कि अगर दरबार में जाना है तो उस रास्ते से नहीं बल्कि इस रास्ते से जाओ। रास्ते में एक महिला मिलीं, उन्होंने कहा- चमत्कारी बाबा का कार्यक्रम उधर चल रहा है। हमने पूछा कि चमत्कारी क्यों? उनका जवाब था कि वह बाबा पर्ची देखकर भक्तों की समस्या और उसका समाधान बता देते हैं।

बाबा के दरबार में 3 पंडाल लगाए गए थे जो पूरे भर गए थे। पंडाल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग खड़े थे।
बाबा के दरबार में 3 पंडाल लगाए गए थे जो पूरे भर गए थे। पंडाल के बाहर भी बड़ी संख्या में लोग खड़े थे।

बुधवार सुबह हम करीब 10 बजे पंडाल पहुंचे। उसके लिए हमें एक किलोमीटर पैदल चलना पड़ा। अंदर बैठे हर व्यक्ति को धीरेंद्र शास्त्री का बेसब्री से इंतजार था। उनका यह इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा था। 11 बजे। 12 बजे और फिर साढ़े 12 बजते ही बागेश्वर बाबा की एंट्री हुई। पूरा पंडाल जय श्रीराम के नारों से गूंज उठा। भक्त गाड़ी की तरफ भागे। गाड़ी का शीशा बंद था, उसे छूकर आशीर्वाद लेने लगे। बाबा किसी तरह से अपने सिंहासन पर पहुंचे।

कई भक्तों ने लगाया पैसा लेकर अंदर भेजने का आरोप
दिव्य दरबार में आए कुछ लोगों से हमने बात की। ज्यादातर विश्वास से भरे नजर आए। उनके अंदर एक कसक थी कि किसी तरह से उनकी अर्जी स्वीकार हो जाए। लेकिन ज्यादातर लोगों को मायूसी मिली। एक महिला ने कहा- यहां सिर्फ अमीरों की अर्जी लगती है। हम गरीबों की कोई अर्जी नहीं लग रही है। हमें तो यहां आने पर पुलिस अंदर ही नहीं जाने दे रही थी। कुछ लोगों से पैसा लेकर उन्हें अंदर जाने दिया जा रहा। मैं पंडाल के बाहर ही रहकर सबकुछ देख रही हूं।

बुलंदशहर से आया एक परिवार मायूस होकर लौट गया। उन्होंने कहा- हम बहुत भरोसा लेकर आए थे कि हमारी अर्जी स्वीकार होगी लेकिन नहीं हुई। अब अगली बार जब कभी दिव्य दरबार लगेगा तो हम आएंगे। हो सकता है कि उसमें हमारी अर्जी लग जाए।

बच्चे के लिए अर्जी लगाई थी, जो पूरी नहीं हुई लेकिन अगली कथा में फिर लगाएंगी।

हार्ट की मरीज बेटे के साथ दर्शन को पहुंची
ग्रेटर नोएडा से 700 किलोमीटर दूर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले से आरती देवी अपने बेटे के साथ आई थी। उन्होंने बताया कि वो हार्ट की पेशेंट हैं। बाबा के पास अर्जी लगाने आई थीं। लेकिन एंट्री नहीं मिलने से रुक गई हैं। गाड़ी से आते वक्त बाबा को प्रणाम कर लिया है। बाबा से हमको यही लगाव है कि हमने सुना है कि बाबा जो कह देते हैं वो पूरा हो जाता है। हमारे पति को पैरालाइज अटैक आ गया है, और हम हार्ट के पेशेंट हैं। हमारा लड़का सिंगर बनना चाहता है, इसी प्रार्थना के लिए बाबा के दर्शन के लिए आए हैं।

हार्ट की दिक्कत है, लेकिन आस्था ऐसी की पहुंच गईं बाबा के दर्शन के लिए 700 किलोमीटर दूर ग्रेटर नोएडा। भीड़ के चलते नहीं कर पाईं दर्शन।
हार्ट की दिक्कत है, लेकिन आस्था ऐसी की पहुंच गईं बाबा के दर्शन के लिए 700 किलोमीटर दूर ग्रेटर नोएडा। भीड़ के चलते नहीं कर पाईं दर्शन।

बाबा के लिए भक्त ने लिखा गाना
अवध नगरी से आए धनुषधारी चतुर्वेदी ने बताया कि बाबा के चरणों में हाजिरी लगाने आए हैं। उन्होंने बताया कि हाजिरी तो नहीं लग पाई लेकिन 11 जुलाई को गाना सुनाने का मौका मिला था। गीत की चार लाइन गाया ‘तेरे दर पर बागेश्वर बाबा तेरे दीवाने आए हैं। तेरे दर पर धीरेंद्र बाबा तेरे दीवाने आए हैं’।

बाबा के भक्त ने पंडित धीरेंद्र शास्त्री के लिए गाया गाना।

धीरेंद्र शास्त्री के सेवादार ने महिला को बाहर फेंका
लाखों के संख्या में भक्त बाबा के दर्शन के लिए पहुंचे थे। इस दौरान लंबा इंतजार करने के कारण और गर्मी अधिक होने के कारण लोगों को उल्टी शुरू हो गई। गश खाकर गिरने लगे। भीड़ के चलते एंबुेलेंस को पहुंचने में टाइम लग रहा था। एक एंबुलेंस निकले तो दूसरी पहुंचे। इसके बाद पंडाल में एक दम से दर्शन के लिए धक्का मुक्की शुरू हो गई और भगदड़ की स्थिति बन गई। जिससे कई लोग घायल हो गए।

अचानक एक महिला धीरेंद्र शास्त्री के पास पहुंचने के लिए बैरिकेटिंग लांघकर उनके पास जाने लगी तो उनकी सुरक्षा में लगे सेवादार ने महिला को उठाकर बाहर फेंक दिया। अचानक लोग खड़े हो गए। इसके बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोग इधर-उधर भागने लगे। कुछ तो पोल पर चढ़ गए।

Web sitesi için Hava Tahmini widget