झुंझुनूं : अक्टूबर में होगा जिला स्तरीय महोत्सव:स्काउट गाइड जिला परिषद कमेटी की बैठक संपन्न

झुंझुनूं : राजस्थान राज्य भारत स्काउट गाइड की ओर से झुंझुनूं में शुक्रवार को जिला मूल्यांकन समिति की बैठक हुई। बैठक में सत्र 2022- 23 की उपलब्धियों की समीक्षा की गई। साथ ही सत्र 2023 के स्थानीय संघवार लक्ष्यों का निर्धारण किया गया।

साथ ही अलंकार पुरस्कार, जिला सेटअप के लिए उप नियमों पर आवश्यक चर्चा की गई।

मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अनुसूईया ने अक्टूबर में होने वाले युवा महोत्सव पर चर्चा करते हुए कहा कि युवा महोत्सव को बेहतरीन एवं शानदार तरीके से ब्लॉक स्तर पर मनाया जाना चाहिए। जिससे जिला स्तर पर अधिकाधिक कलाकारों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने प्रत्येक कार्य को पूर्ण निष्ठा एवं ईमानदारी से करते हुए जिले की स्काउट गाइड गतिविधियों में सभी को पूर्ण सहयोग करने के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड संगठन के माध्यम से जिले में उच्च स्तर के कार्य किए जा रहे हैं ,जो मन को सुकून देने वाला है।

सहायक राज्य संगठन आयुक्त बीकानेर संभाग मान महेंद्र सिंह भाटी ने कहा कि झुंझुनूं जिले की स्काउटिंग राजस्थान में सर्वोत्कृष्ट स्तर की है। यहां पर शिक्षा विभाग का प्रत्येक अधिकारी स्काउट गाइड के लिए पूर्ण मनोयोग एवं समर्पण से कार्य करता है।

इसी का परिणाम है कि आज झुंझुनू जिला स्काउटिंग गाइडिंग के क्षेत्र में सर्वोच्च शिखर पर है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर माह में झुंझुनूं जिले में जिला राज्य स्तरीय कब बुलबुल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा।

इसमें पूरे राजस्थान प्रदेश के बुलबुल अपने विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को स्काउटिंग गाइडिंग के प्रति जोड़ने के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

अक्टूबर में होगा जिला स्तरीय महोत्सव
अक्टूबर में होगा जिला स्तरीय महोत्सव

एडीसी स्काउट डॉ. नवीन ढाका ने गत सत्र का आय व्यय एवं आगामी प्रस्तावित बजट प्रस्तुत किया जिसे ध्वनीमत से पारित किया गया। विधानसभा चुनाव 2023 में चुनाव बूथ पर लगाए जाने के लिए स्काउट गाइड के बारे में विस्तृत चर्चा की।

सत्र 2022-23 की उपलब्धियों पर सीओ गाइड सुभिता महला ने चर्चा की तथा स्थानीय संघ वार लक्ष्यों का निर्धारण लीडर ट्रेनर प्रह्लाद राय जांगिड़ द्वारा किया गया। जिला सेटअप के नियमों पर सी. ओ. स्काउट महेश कलावत ने प्रकाश डाला।

जिला कार्यकारिणी के लिए स्थानीय संघ द्वारा प्रस्तावित नामों की सूची पर सहायक लीडर ट्रेनर बाबूलाल गुर्जर ने चर्चा की।

इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी प्रारंभिक शिक्षा मनोज ढाका, जिला प्रशिक्षण आयुक्त रामअवतार सबलानिया, सीबीईओ अलसीसर राजेन्द्र कुमार, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अलसीसर राजेंद्र कुमार खीचड़, मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी चिड़ावा कैलाश चंद शर्मा ,मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी उदयपुरवाटी आत्माराम, ए डी सी गंगाधर सिंह, ए सी बी ई ओ झुंझुनू अशोक कुमार, एस ई सी बी ई ओ अलसीसर सुनीता यादव, प्रोग्राम ऑफिसर समसा, सुनीता यादव करुणा शर्मा, चंद्रमणि, ओमवती सहित अनेक संभागीयों ने सहभागिता की।

Web sitesi için Hava Tahmini widget