राजनीति : कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का भगवान श्रीराम के प्रति प्रेम, कहा- ‘हम राम के वंशज, जितने आपके उतने ही हमारे…’

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने दशहरा पर्व के मौके पर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त करते हुए कहा कि राम जितने आपके हैं, उतने ही हमारे भी। उन्होंने भगवान श्रीराम को त्याग, समर्पण, न्याय, करुणा, और कर्तव्य का प्रतीक बताते हुए कहा कि राम नारा नहीं, विश्वास हैं। राम भौतिकता में नहीं, मन की प्यास में मिलते हैं। राम मंदिर के फेरों में नहीं, सबरी के जूठे बेरों में मिलते हैं। राम मर्यादित आचरण से मिलते हैं, हनुमान के सीने में मिलते हैं। राम मन में हैं, उन्हें बाहर ढूंढने की ज़रूरत नहीं है।

 

सांसद ने आगे कहा कि हमें इस त्योहार पर अपने अंदर की बुराइयों का त्याग कर सत्य, धर्म और मानवता की राह पर चलने का संकल्प लेना चाहिए। हम श्रीराम को मानने वाले हैं, हम उनके वंशज हैं। श्रीराम इस देश के हर कण-कण में बसे हैं, उनका अस्तित्व हर जगह है। राम किसी एक के नहीं, बल्कि सभी के हैं।

 

भाजपा पर साधा निशाना

सांसद मसूद ने भाजपा पर तंज करते हुए कहा कि राम किसी विचारधारा से बंधे नहीं हैं। जितने श्रीराम तुम्हारे हैं, उतने मेरे भी हैं। उन्होंने राम को सभी के लिए आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि हम सबकी उत्पत्ति एक ही से हुई है, फिर हम अलग कैसे हो सकते हैं?

Web sitesi için Hava Tahmini widget