दिल्ली : BJP ने AAP और केजरीवाल को सवालों के घेरे में घेरा ! सुधांशु बोले- ‘किसने है पी, किसने है पिलाई, ये समझना बड़ा मुश्किल है…,’

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी, शाजिया इल्मी और शहजाद पूनावाला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर AAP नेताओं की भूमिका को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि अरविंद केजरीवाल ने हिरासत से सियासत चला रखी है। सारा विपक्ष जिस आरोपी को बचाने का प्रयास कर रहा था, न्यायालय की दृष्टि में उस पर गंभीर आरोप लगे हैं। और अब वो बिल्कुल चुप हो गया है। न्यायिक हिरासत में रहते हुए भी उन्होंने कोई जवाब नहीं दिया है।

 

बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने AAP नेताओं पर तंज कसा करते हुए कहा कि इस खुलासे के बाद यह समझना मुश्किल हो गया है कि किसने है पी, किसने है पिलाई। यह तो सबने सुना कि शराब का घोटाला तो था। लेकिन जिसे देखो वही मदहोश है। लगता है कि मिलकर सबने मिल-बांटकर पी और पिलाई। कल ही भ्रष्टाचार में घिरे हुए सारे गुट एक साथ आए। सारा विपक्ष जिस आरोपी को बचाने की कोशिश कर रहा था, उनको ये देखना चाहिए कि अरविंद केजरीवाल के खिलाफ कोर्ट क्या बोल रहा है। अब साफ है कि अरविंद केजरीवाल कोर्ट जाने से क्यों बच रहे थे। अरविंद केजरीवाल बोल रहे हैं। सुधांशु ने शायराना अंदाज में कहा, बैठा हूं दिल में इतने राज छुपाए, खुल गए अगर होंठ तो जाने कितनों के दिल डगमगाए।

 

आगे उन्होंने कहा कि जो लोग पीड़ित होने का दिखावा करने की कोशिश करते हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि अदालत का आज का फैसला ठोस सबूतों पर आधारित है, जिसके बारे में ना तो हमें और न ही आपको जानकारी है। यह न्यायालय का न्यायशास्त्र है जिसने इस न्यायिक हिरासत को 15 दिनों के लिए बढ़ाने का निर्णय लिया है। परंतु इस तथ्यात्मक आधार से बड़ा संवैधानिक और नैतिक प्रश्न खड़ा हो रहा है। क्योंकि वो हिरासत से सत्ता की सियासत करने वाले मुख्यमंत्री तो रह ही चुके थे और अभी तक उन्होंने ज्यूडिशियल कस्टडी के बाद भी कोई उत्तर नहीं दिया है।

 

सुधांशु ने आगे ये भी कहा कि इससे साफ पता चलता है कि पूरा विपक्ष एक भ्रष्ट झूठ बोलने वाले को बचाने की कोशिश कर रहा है। इसके लिए भावनात्मक आधारों का भी उपयोग करने का प्रयास किया गया। परंतु आज न्यायालय ने जो निर्णय सुनाया है, वो तथ्यात्मक आधार पर है। तथ्यात्मक आधार पर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। आप सबने देखा कि कल भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों में घिरे हुए स्वघोषित कट्टर ईमानदार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को भ्रष्टाचार के पुराने आरोपियों और पुराने गुनाहों में शामिल रहे राजनीतिक दलों ने समर्थन दिया है।

 

Web sitesi için Hava Tahmini widget