उत्तर प्रदेश : ओवैसी के मुख्तार की फैमिली से मिलते ही हाई हुए यूपी का सियासी पारा !

 

AIMIM सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने गाजीपुर में मुख्तार अंसारी के परिजनों से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद यूपी की सियासत का पारा हाई हो गया है। ओवैसी के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के आजमगढ़ लोकसभा से उम्मीदवार व अखिलेश यादव के चचेरे भाई धर्मेंद्र यादव भी मुख्तार अंसारी के घर जाएंगे। जैसे ही ये खबर आई AIMIM ने सपा पर तीखा हमला बोला। AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता असीम वकार ने कहा कि अखिलेश यादव अभी तक मुख्तार अंसारी के घर क्यों नहीं गए? जब ओवैसी जी मुख्तार के घर चले गए हैं तब अखिलेश अपने भाई धर्मेंद्र यादव को दिखावे के लिए उनके घर भेज रहे हैं। ये राजनीतिक स्टंट सिर्फ और सिर्फ मुस्लिम वोट के लिए है।

 

बकौल असीम वकार ने कहा अखिलेश जानते हैं कि गाजीपुर से लेकर आजमगढ़ तक मुख्तार अंसारी का मुसलमान वोटों में रसूख रहा है। उसी को कैश कराने की ये कवायद है। मुख्तार अंसारी साहब उत्तर प्रदेश की सियासत में बहुत बड़ा नाम थे। उनका इंतकाल जिस तरीके से हुआ है वह बहुत ही दुखद है। मुख्तार अंसारी पांच बार के विधायक थे। उनका भतीजा अभी भी समाजवादी पार्टी से विधायक है। वहीं मुख्तार के बड़े भाई समाजवादी पार्टी से लोकसभा उम्मीदवार हैं। इस नाते सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सबसे पहले मुख्तार अंसारी के इंतकाल के बाद उनके घर जाना चाहिए था लेकिन उन्होंने अपने ट्विटर पर एक बार भी मुख्तार अंसारी का नाम तक लिखना गवारा नहीं समझा।

 

असीम वकार ने तंज कसते हुए ये भी कहा कि AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी साहब हैदराबाद से चलकर गाजीपुर मुख्तार अंसारी के घर पहुंच जाते हैं और उनके परिवार से मिलकर संवेदनाएं व्यक्त करते हैं। लेकिन सपा नेता बगल से नहीं पहुंच पाते। ओवैसी साहब इंसानियत और मोहब्बत के नाते मुख्तार अंसारी के परिवार से मिलने गए थे। हम वोट की लालच में नहीं गए थे बल्कि इंसानियत के नाते गए थे।

 

असीम वकार ने सपा मुखिया को नसीहत देते हुए कहा कि अखिलेश यादव जी आपको पहले ही मुख्तार अंसारी के घर चले जाना चाहिए था। अब ओवैसी साहब के जाने के बाद आपकी पार्टी में हलचल तेज हो गई है। मैं आपसे गुजारिश करूंगा कि धर्मेंद्र यादव के बाद आप भी मुख्तार अंसारी के घर जरूर जाइएगा इससे आपकी इज्जत कम नहीं हो जाएगी ना ही आप छोटे हो जाएंगे, आप जाइएगा जरूर क्योंकि लोग चाहते हैं।

Web sitesi için Hava Tahmini widget