अलवर-भिवाड़ी : प्यार में भिवाड़ी से शादीशुदा अंजू पहुंची पाकिस्तान:सोशल मीडिया पर शुरू हुई प्रेम कहानी; पति से कहा- सहेली से मिलने जा रही हूं

अलवर-भिवाड़ी : पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि ऐसा ही एक मामला अलवर के भिवाड़ी में सामने आया है। सीमा पाकिस्तान से भारत आई थी, लेकिन इस मामले में भिवाड़ी की टेरा एलिगेंसी सोसाइटी में रहने वाली अंजू (33) सोशल मीडिया पर दोस्त बने नसरूल्लाह से मिलने के लिए पाकिस्तान पहुंच गई। अब यह मामला पाकिस्तानी मीडिया में भी सुर्खियों में है।

जानकारी के अनुसार अंजू अपने पति अरविंद के साथ दो साल से टेरा एलिगेंसी सोसाइटी में रह रही है। उसके 15 साल की एक लड़की और 6 साल का लड़का है।

2020 में ही बनवा लिया था पासपोर्ट
इससे पहले महिला अपने परिवार के साथ भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर सात में रहती थी। कुछ समय यहां स्थित H टावर में फ्लैट नंबर 704 में किराए पर रही और वहीं से 2020 में पासपोर्ट बनवाया। इसके बाद वर्तमान में आई टावर में 903 फ्लैट में रहने लगी। अंजू खुशखेड़ा की एक टू व्हीलर कंपनी में काम करती है। पति इंडो कंपनी में कार्यरत है।

भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर सात में रहने के दौरान ही अंजू ने 2020 में पासपोर्ट बनवा लिया था।
भिवाड़ी के यूआईटी सेक्टर सात में रहने के दौरान ही अंजू ने 2020 में पासपोर्ट बनवा लिया था।

2007 में हुई थी शादी
प्रेम में पाकिस्तान पहुंची अंजू के पति अरविंद ने बताया कि उनका परिवार मूल रूप से गांव खरपुरा, थाना रसड़ा जिला बलिया (यूपी) का रहने वाला है। पत्नी ग्वालियर (मध्य प्रदेश) की रहने वाली है। दोनों की शादी 2007 में हुई थी। अरविंद मूलतः क्रिश्चियन है जबकि अंजू हिंदू। अंजू ने शादी के बाद अपना धर्म परिवर्तन कर लिया। अरविंद ने बताया कि उसकी पत्नी गुरुवार को घर से जयपुर जाने की कह कर गई थी और कह रही थी कि मुझे अपनी सहेली से मिलने लाहौर जाना है।

लेकिन, पति को यह नहीं पता था कि लाहौर (पाकिस्तान) में है। इस बीच अरविंद ने अंजू को काफी बार फोन भी लगाया, लेकिन अंजू का फोन बंद आ रहा था। दो दिन पहले जब अंजू का सोशल मीडिया पर कॉल आया तो अंजू ने अरविंद से कहा कि यहां बात नहीं हो पाएगी सिर्फ सोशल मीडिया पर कॉल होगा।

पति को कहा- लाहौर में सहेली के पास हूं
रविवार को दिन में कॉल कर अंजू ने पति को बताया कि वह लाहौर में अपनी सहेली के पास है और तीन-चार दिन बाद वापस आ जाएगी। वहीं, दूसरी तरफ यह जानकारी भी निकलकर सामने आ रही है कि अंजू द्वारा सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट की गई है। इसमें पाकिस्तानी प्रेमी नसरूल्लाह से मिलने खैबर पख्तूनख्वा के ऊपरी दीर इलाके में पहुंचने की बात सामने आ रही है। दोनों की दोस्ती फेसबुक से होना बताया जा रहा है। नसरूल्लाह को शिक्षक बताया जा रहा है। अंजू ने पाकिस्तान जाने के लिए 21 जून को आवेदन किया था।

अंजू को पाकिस्तान द्वारा वीजा दिया गया, जिसमें उसका प्रोफेशन होटल मैनेजर लिखा गया है। वहीं सबसे नीचे लिखा गया है कि विजिट करने का कारण शादी है।
अंजू को पाकिस्तान द्वारा वीजा दिया गया, जिसमें उसका प्रोफेशन होटल मैनेजर लिखा गया है। वहीं सबसे नीचे लिखा गया है कि विजिट करने का कारण शादी है।

बच्चों काे नहीं पता मम्मी कहां गई
भिवाड़ी पुलिस को मामले की जानकारी रविवार देर शाम 7 बजे मिली। भिवाड़ी पुलिस और सीआईडी अधिकारी मौके पर पहुंच गए और अंजू के पति व परिवार वालों से इस संबंध में पूरी जानकारी ली गई।

इस पूरे मामले पर एसपी विकास शर्मा ने बताया कि उनके पास रविवार को ही यह मामला जानकारी में आया है। इस पूरे मामले में गहनता से जांच की जा रही है। पूरी जानकारी जुटाने के बाद ही इसमें आगे कोई कार्रवाई की जाएगी। अभी महिला के पति या अन्य किसी की तरफ से पुलिस को कोई FIR या लिखित में शिकायत नहीं दी गई है।

अंजू की 15 वर्षीय बेटी ने बताया कि उन्हें नहीं पता उनकी मां कहां है। तीन-चार दिन से मां घर पर नहीं है। हम पिता के साथ रह रहे हैं।

6 वर्षीय बेटे ने बताया कि उनकी मम्मी चार-पांच दिन से कहीं बाहर गई हुई हैं। उसे नहीं पता कि वे कहां पर हैं। पापा बोल रहे हैं कि दो-चार दिन में मम्मी वापस घर पर आ जाएंगी। अपनी सहेली से मिलने के लिए कहीं पर गई हुई हैं।

पाकिस्तानी मीडिया में चर्चे
पाकिस्तानी मीडिया में चल रही खबरों में बताया जा रहा है कि नसरुल्लाह के कुछ रिश्तेदारों के अनुसार अंजू भारत में एक विवाहित महिला है। वह एक स्वतंत्र जीवन जी रही है और अपने देश में नौकरी करती है। उन्होंने दावा किया कि वह शादी के मकसद से पाकिस्तान नहीं आई है बल्कि उसकी रुचि केवल दर्शनीय स्थानों की यात्रा करने में है। रविवार को जब यह कहानी पहली बार सामने आई तो स्थानीय पत्रकारों को अंजू से मिलने की अनुमति नहीं दी गई। उन्हें बताया गया कि अंजू और नसरुल्लाह बाहर गए हैं।

अंजू का पति अरविंद भिवाड़ी में ही इंडो कंपनी में काम करता है, जो मूलत: यूपी का रहने वाला है।
अंजू का पति अरविंद भिवाड़ी में ही इंडो कंपनी में काम करता है, जो मूलत: यूपी का रहने वाला है।

बीबीसी उर्दू को बताया- शादी करेंगे
नसरुल्लाह ने बाद में बीबीसी उर्दू को बताया कि वे अपने जीवन को लेकर मीडिया में प्रचार नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि वे अंजू की अगली पाकिस्तान यात्रा पर शादी करेंगे। अगले दो से तीन दिन में अंजू और मैं औपचारिक रूप से सगाई कर लेंगे। फिर 10 से 12 दिन के बाद वह भारत वापस चली जाएगी और फिर शादी के लिए आएगी। यह मेरी और अंजू की निजी जिंदगी है। हम नहीं चाहते कि इसमें हस्तक्षेप हो। हम मीडिया से दूर रहने की कोशिश कर रहे हैं। अंजू नहीं चाहती कि उनकी जानकारी विशेषकर जिस कंपनी में वह काम करती है, उसका नाम अखबारों में प्रकाशित हो। वह अपने देश वापस आकर अपना काम फिर से शुरू करना चाहती है।

परिवार और सरकारी अधिकारियों को मनाया
नसरुल्लाह ने कहा कि वीजा की प्रक्रिया पूरी करने में उन्हें दो साल लग गए। उन्होंने फैसला किया कि शादी के बारे में अंतिम निर्णय लेने से पहले अंजू पहले पाकिस्तान में उसके परिवार से मिलेगी। अंजू की पाकिस्तान यात्रा का उनका परिवार पूरे दिल से समर्थन कर रहा है। न केवल परिवार को बल्कि उन्हें भारतीय और पाकिस्तानी अधिकारियों को भी यह विश्वास दिलाना पड़ा कि उन्हें मिलने का पूरा अधिकार है। अंजू ने दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग का दौरा किया और नसरुल्लाह ने इस्लामाबाद में पाकिस्तान के विदेश और आंतरिक मंत्रालयों के कार्यालयों का दौरा किया।

प्यार में धर्म कोई कारण नहीं है, अंजू के निर्णय का सम्मान करेंगे
नसरुल्लाह कहते हैं कि उनकी कहानी में धर्म कोई कारण नहीं है। उन्होंने बताया कि अंजू इस्लाम अपनाती है या नहीं, यह उसका अकेली का निर्णय होगा और वह उस निर्णय का सम्मान करेगा। स्थानीय लोगों ने ऊपरी दीर में अंजू की उपस्थिति के बारे में सकारात्मक विचार व्यक्त करते हुए कहा है कि वह पख्तूनों की मेहमान और बहू हैं।

Web sitesi için Hava Tahmini widget