झुंझुनूं-उदयपुरवाटी : गुढ़ा बोले- विधानसभा में CM से वन-टू-वन जवाब मांगूंगा:कहा- मुझे हटाने से कुछ नहीं होगा, प्रदेश में अराजकता का माहौल

झुंझुनूं-उदयपुरवाटी : मंत्री पद से बर्खास्त करने के बाद उदयपुरवाटी विधायक राजेन्द्र गुढ़ा के तेवर और भी तल्ख हो गए हैं। वह मुख्यमंत्री गहलोत की खुलकर मुखालफत पर उतर आए हैं। उन्होंने कहा कि राजेन्द्र गुढ़ा को मंत्री पद से बर्खास्त करने से कुछ नहीं होगा।

उन्होंने कहा- किसी को हटा दिया, किसी को लगा दिया। बहन बेटियों में सुरक्षा का भाव पैदा करो। प्रदेश में अराजकता का माहौल है। लेकिन मुख्यमंत्री पैरों पर पट्टी बांधकर बैठे हुए हैं। गृह मंत्रालय अगर किसी काबिल व्यक्ति के पास होता तो आज प्रदेश का यह हाल नहीं होता।

इसका जवाब सीएम को देना होगा। विधानसभा में सीएम से वन टू वन जवाब मांगूंगा। पूर्व मंत्री गुढ़ा शनिवार को हांसलसर गांव में युवती के मर्डर के मामले में बोल रहे थे।

पूर्व मंत्री यही नहीं रुके। उन्होंने गहलोत सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। यह मैं नहीं बोल रहा, देश के आंकड़े बोल रहे हैं। राजस्थान बहन बेटियों के अत्याचार में नंबर वन है। पुलिस खुलेआम मंथली ले रही है। सरेआम अवैध शराब की बिक्री हो रही है। पुलिस खुद शराब के रूट को एस्कॉर्ट कर रही है। एफआईआर के नाम पर पैसे लिए जा रहे हैं। जनता को न्याय कैसे मिलेगा।

जब सांस चलेगी बोलता रहूंगा

उन्होंने कहा कि प्रदेश में बहन बेटियां सुरक्षित नहीं है। सीएम का इकबाल खत्म हो चुका है। मुझे मंत्री पद से हटाने से कुछ नहीं होगा। मैं बोलता ही रहूंगा। चाहे मुझे जेल में डाल दो। जनता तो साथ रहेगी। जब तक दिल धड़कता रहेगा, सांस चलती रहेगी मैं बोलता रहूंगा।

डेडबॉडी रखकर प्रदर्शन करने बिल पर बोले

राजेन्द्र गुढ़ा ने कहा कि इस सरकार को शर्म आनी चाहिए। शव को रखकर प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ कानून बना दिया। न्याय मांगने वालों को जेल में डाल दिया जाएगा। कोई विरोध नही कर सकेगा। अगर कोई संतुष्ट नहीं होगा तो उसे न्याय कैसे मिलेगा।

जो आपके पास कानून है उस पर काम करना चाहिए था। विधानसभा में ऐसा कानून पास करवा दिए की हर आदमी जेल जाएगा।

Web sitesi için Hava Tahmini widget