नोएडा : दो पक्षों के बीच चले डंडे, रास्ते को लेकर हुआ था विवाद

नोएडा के सेक्टर-45 स्थित कांशीराम कॉलोनी में रास्ते के विवाद में दो युवकों को डंडों से जमकर पीटा। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रहा है। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

 

मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि कांशीराम कॉलोनी में रास्ते को लेकर विवाद चल रहा है। दो दिन पहले दो युवक उस रास्ते से गुजर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने रास्ते से गुजरने पर विरोध किया। युवकों ने एक महिला से अभद्रता कर दी। महिला ने अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। महिला के परिजनों ने युवकों को डंडों से हमला कर दिया। इसी बीच एक व्यक्ति ने मोबाइल पर वीडियो भी बना लिया।

 

वायरल वीडियो में देखा जा रहा है कि किस तरह से युवकों को डंडों से पीटा जा रहा है। महिला ने युवक के बाल पकड़ रखे हैं। महिला के पक्ष का युवक उस युवक की टांगों में डंडे मार रहा है। युवक भागने का प्रयास करता है तो महिला उसे दौड़कर पकड़ लेती है। हाथ में डंडा लिए युवक दोबारा मारने लगता है। दोनों युवक कराहते हुए किसी तरह बच निकलते हैं।

 

मामले में जानकारी देते हुए एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो पर संज्ञान लेते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Web sitesi için Hava Tahmini widget