नोएडा : 150 से ज्यादा वारदात को दिया अंजाम, पुलिस ने मुठभेड़ में ठक-ठक गिरोह के सदस्यों को किया गिरफ्तार

नोएडा की थाना एक्सप्रेस वे पुलिस ने ठक ठक के नाम से कुख्यात अंतरराज्यीय गिरोह के दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान दीपक चौहान उर्फ निखिल और तरुण सक्सेना के रुप में हुई है। पुलिस को पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि ये दोनों सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों के शीशे को गुलेल व लोहे की गोलियों की मदद से तोड़कर गाड़ी में रखे सामान लैपटॉप, बैग, पर्स आदि चीजे चोरी करते थे।

 

मामले में क्या बोली पुलिस ?

मामले में जानकारी देते हुए एडीसीपी मनीष मिश्र ने बताया कि पकड़ा गया बदमाश दीपक पर 150 से ज्यादा मुकदमे दर्ज है। साथी तरुण पर मुकदमे है जिनका आपराधिक रिकार्ड निकाला जा रहा है। हाल ही में दोनों ने नोएडा एक्सप्रेस वे थाना क्षेत्र में दो घटनाएं की थी। इनके और भी सदस्य है। जिनकी गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीम गठित की गई है। जल्द ही इनके बाकी साथियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

एडीसीपी के अनुसार, शुक्रवार देर रात थाना एक्सप्रेस वे पुलिस गुलशन मॉल के पास चेकिंग कर रही थी। चेकिंग के दौरान नीले रंग की एक बाइक से दो लोग आते दिखे। ये दोनों रांग साइड से आ रहे थे। पुलिस ने इनको रुकने का इशारा किया। मोटर साइकिल सवार पुलिस को देखकर तेज गति से डबल सर्विस सेक्टर 168 की ओर भागने लगे। पुलिस पार्टी को शक होने पर अपनी अपनी गाडियों से मोटर साइकिल सवार दोनों संदिग्ध व्यक्तियों का पीछा किया। करीब 600 मीटर तक पीछा करने के बाद पुलिस ने दोनों वॉर्निंग दी।

 

पुलिस से घिरा देख पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायर किया। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। जिसमें दीपक चौहान और तरुण सक्सेना दोनों के पैर में गोली लगी। दोनों बाइक से नीचे गिर गए।

 

पुलिस ने इनको सरेंडर करने के लिए कहा। जिसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से 02 अवैध तमंचा 315 बोर 03 जिन्दा कारतूस, 1 गुलेल व 08 लोहे की गोली (छर्रे), 1 लैपटॉप फोन बरामद किया गया।

Web sitesi için Hava Tahmini widget