भरतपुर : चार बदमाशों ने दुकान में घुसकर ज्वेलर को मारी गोली, एक बदमाश को व्यापारियों ने पकड़ा, बाजार बंद

भरतपुर : भरतपुर में दूसरे दिन फिर से फायरिंग हो गई। चार बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को दिन दहाड़े गोली मार दी। बदमाशों ने ज्वेलरी व्यापारी की जांघ में दो गोलियां मारी हैं। व्यापारी की हालत गंभीर बनी हुई है। भरतपुर के बाजार में फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। लोगों ने सर्राफा व्यापारी की दुकान पर पहुंचकर एक बदमाश को मौके पर ही पकड़ लिया। पकड़े गए बदमाश से एक देसी कट्टा भी बरामद किया गया है।

जानकारी के अनुसार घटना अटलबंद थाना इलाके में पुराने डाक खाना की है। दोपहर 2:30 बजे एक बाइक पर चार बदमाश सवार होकर पन्ना लाल अजय कुमार सर्राफ की दुकान पर पहुंचे। चारों बदमाश लूट के इरादे से दुकान के अंदर घुसे और दुकान में रखे जेवरात लूटने की कोशिश की। व्यापारी अजय ने जैसे ही बदमाशों का विरोध किया, तभी उसमें से एक बदमाश ने कट्टा निकालकर अजय के पैर में दो गोलियां मार दीं।

वारदात कोतवाली थाने से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। घटना के बाद से इलाके के व्यापारियों में रोष है। बाजार बंद कर व्यापारी धरना देकर बैठ गए।

चार बदमाशों में एक को व्यापारियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।
चार बदमाशों में एक को व्यापारियों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया।

मौके पर मौजूद व्यापारियों ने बताया- गोली चलने की आवाज सुनी तो दौड़कर अजय की दुकान में पहुंचे। 3 बदमाश बाइक पर भाग निकले। एक बदमाश पीछे रह गया। उसके हाथ में देसी कट्‌टा था। वह इससे डराने लगा। हमने हिम्मत दिखा उसे दबोच लिया। फिर रस्सी से बांधकर पिटाई कर दी। भरतपुर में रविवार को भी अटलबंद थाना इलाके में एक हिस्ट्रीशीटर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।

दुकान में लहूलुहान हालत में व्यापारी अजय कुमार। दोपहर 2.30 बजे दुकान में घुसकर बदमाशों ने पैर में गोली मार दी।
दुकान में लहूलुहान हालत में व्यापारी अजय कुमार। दोपहर 2.30 बजे दुकान में घुसकर बदमाशों ने पैर में गोली मार दी।

एक आरोपी पकड़ा, देसी कट्‌टा-कारतूस बरामद
कोतवाली थाना इंचार्ज दिलीप सिंह ने बताया- आज दोपहर 2.30 बजे लक्ष्मी मंदिर के पास फायरिंग की सूचना मिली थी। मौके पर ही एक आरोपी को पकड़ा है। उससे एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया गया है। मामले में जांच जारी है।

धरने पर बैठे व्यापारी, नारेबाजी की
पीड़ित ज्वेलर अजय कुमार की दुकान कोतवाली थाने से महज 50 मीटर दूर है। इसके बावजूद बेखौफ अपराधी भरे बाजार दिनदहाड़े गोलीकांड कर फरार हो गए। इससे इलाके के व्यापारियों में रोष है। घटना के बाद से लक्ष्मी मंदिर से कोतवाली इलाके तक का बाजार बंद है। व्यापारियों ने धरना प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ 15 मिनट तक नारेबाजी की। करीब 15 मिनट रोड जाम रहा।

लक्ष्मी मंदिर से कोतवाली तक के बाजार के व्यापारियों ने सड़क पर जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

व्यापारी बोले- लॉ एंड ऑर्डर नहीं है
व्यापार मंडल के शहर अध्यक्ष भगवान दास बंसल ने कहा- प्याऊ के पास अजय कुमार की दुकान है। 4 बदमाशों ने आते ही सर्राफा व्यापारी अजय की जांघ में गोली मार दी। उन्हें दो गोली मारी। व्यापारी के साथ मारपीट भी की गई। घटना क्यों हुई, यह जांच का विषय है। लेकिन, भरतपुर में लॉ एंड ऑर्डर नाम की कोई चीज नहीं बची है। बीते 3 महीने में भरतपुर में गोलीकांड की भरमार रही। प्रशासन कहता है कि हमारे पास पुलिस नहीं है, लेकिन चौथ वसूली के लिए पूरी पुलिस मौजूद है। मैं जिम्मेदारी से कहता हूं कि प्रशासन लीगल काम करने को तैयार नहीं है। यहां प्रशासन नाम की चीज नहीं है। व्यापारी आक्रोशित हैं। हम आंदोलन करेंगे। भरतपुर बंद करने की भी कोशिश करेंगे।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बदमाश लूट के मकसद से दुकान में घुसे थे। उन्होंने दुकान लूटने की कोशिश की। व्यापारी अजय ने विरोध किया तो गोली मार दी।

वहीं, पुलिस का कहना है कि पकड़ा गया आरोपी मथुरा का है। अन्य 3 आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कराई है।

फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए, गोली मारने के बाद बदमाश बाइक से भागने लगे। तीन बदमाश तो बाइक पर बैठ गए, लेकिन चौथा बदमाश बाइक पर नहीं बैठ पाया। आसपास के लोगों और व्यापारियों ने चौथे बदमाश को पकड़ने की कोशिश की तो, वह सभी को कट्टा दिखाकर डराता रहा, लेकिन हिम्मत कर लोगों ने उसे पकड़ लिया और तुरंत पुलिस को घटना की सूचना दी।

करीब 15 मिनट बाद मौके पर पुलिस पहुंची और आरोपी को पकड़ कर उसके कब्जे से अवैध देसी कट्टा बरामद कर लिया। उसके बाद अजय को आरबीएम अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल अजय की हालत गंभीर बनी हुई है। पकड़ा गया आरोपी मथुरा का बताया जा रहा है। पुलिस ने बाकी के तीन आरोपियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी है। घटना के बाद से व्यापारियों में काफी रोष है। जिस बाजार में घटना हुई है वह शहर का मुख्य बाजार है। सभी व्यापारी इकट्ठे हो गए हैं और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे हैं। सभी दुकानों को बंद कर दिया गया है।

Web sitesi için Hava Tahmini widget