झुंझुनूं-नवलगढ़ : नवलगढ़ प्रधान दिनेश सुंडा बने कांग्रेस के जिलाध्यक्ष झुंझुनूं

झुंझुनूं-नवलगढ़ : नवलगढ़ पंचायत समिति के प्रधान एवं प्रधान संघ राजस्थान के अध्यक्ष दिनेश सुंडा को कांग्रेस का झुंझुनूं जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है। दिनेश सुंडा फिलहाल पीसीसी सदस्य के अलावा पूर्व में मुकुंदगढ़ ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके है। सुंडा की नियुक्ति के बाद जिले में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी है। चुनावी वर्ष में अब सुंडा को सभी को साथ लेकर चलने की जिम्मेदारी होगी। पिछली बार सुंडा झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस की टिकट की दावेदारी कर रहे थे। लेकिन टिकट नहीं मिली थी। 45 वर्षीय सुंडा छात्र राजनीति से सक्रिय राजनीति में आए है। 1999 में वे एलबीएस कॉलेज जयपुर के छात्रसंघ अध्यक्ष चुने गए। इसके बाद वे लगातार राजनीति में सक्रिय रहे।

युवा जाट महासभा के पद पर भी सुंडा 2003 से लेकर 2013 तक नियुक्त रहे। उन्होंने युवा जाट महासभा के जरिए पूरे प्रदेश में संगठन को खड़ा किया। इसके बाद 2015 में वे जिला परिषद सदस्य बने और पांच सालों तक ग्रामीण जनता की आवाज को मजबूती के साथ जिला परिषद में उठाया। इसी क्रम में 2020 में वे नवलगढ़ पंचायत समिति के सदस्य बने और इसके बाद प्रधान बने। सुंडा की सक्रियता और जुनून को देखते हुए प्रदेश के प्रधानों ने उन्हें प्रधान संघ का प्रदेश अध्यक्ष बनाया। सुंडा कांग्रेस संगठन में भी लगातार काम करते रहे। उन्हें साहवा ब्लॉक का चुनाव अधिकारी बनाने के अलावा सदस्यता अभियान का स्टेट कॉर्डिनेटर भी बनाया गया। सुंडा सामाजिक सरोकार के कार्यों में भी हमेशा अग्रणी रहते है। नवलगढ़ पंचायत समिति की सभी ग्राम पंचायतों को तंबाकू फ्री बनाने की उपलब्धि भी सुंडा के नाम है। प्रदेश की पहली पंचायत समिति नवलगढ़ को ही ये उपलब्धि मिली है। हर साल पौधारोपण को भी अभियान के रूप में जिले में चलाकर लाखों पौधे अब तक लगा चुके है।

10 दिसंबर 1977 को जन्में, पर्यावरण बचाने की मुहिम को बढाया आगे

10 दिसंबर 1977 को जन्में प्रधान दिनेश सुंडा ने पर्यावरण को बचाने और पौधे लगाने की मुहिम को मिशन के रूप में लिया हुआ है। उनके पिता रिटायर्ड शिक्षक सूरत सिंह सुंडा भी पर्यावरण प्रेमी है। जिन्हें ग्रीन पेरोट पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।

सुंडा ने कहा, सभी सीटों पर चुनाव जीते, ये ही होगा लक्ष्य
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बनने के बाद दिनेश सुंडा ने कहा कि उन्हें प्रदेश नेतृत्व व राष्ट्रीय नेतृत्व ने जो जिम्मेदारी है। उसे पूरी ईमानदारी से निभाएंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता होगी कि सबसे पहले कांग्रेस के सभी नेताओं को एक मंच पर लाकर सातों की सातों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस को मजबूत करना। सभी सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी जीते। इसके लिए काम करेंगे। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही झुंझुनूं आएंगे। जिसके बाद सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करके पहले अपनी टीम बनाएंगे। इसके बाद सभी नेताओं से राय मशविरा कर एक अभियान के रूप में झुंझुनूं जीतेंगे, राजस्थान जीतेंगे मिशन की शुरूआत करेंगे। सुंडा ने कहा कि वे व्यक्तिगत रूप से सभी विधायक, विधायक प्रत्याशियों, सांसद प्रत्याशियों के अलावा वयोवृद्ध व वरिष्ठ नेताओं से एक-एक कर मुलाकात कर सभी से आशीर्वाद लेंगे और मिशन झुंझुनूं जीतेंगे, राजस्थान जीतेंगे की शुरूआत करेंगे। इसके अलावा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार प्रसार को हर घर तक पहुंचाने के लिए भी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां सुनिश्चित करेंगे।

Web sitesi için Hava Tahmini widget