झुंझुनूं-खेतड़ी(खेतड़ी नगर) : रिटायर्ड माइनिंग इंजीनियर और पत्नी का मर्डर:क्वार्टर में मिले शव, रस्सी से बंधे थे हाथ-पैर; पड़ोसी ने फोन किया तो उठाया नहीं

झुंझुनूं-खेतड़ी(खेतड़ी नगर) : झुंझुनूं जिले के खेतड़ी नगर में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड से रिटायर्ड माइनिंग इंजीनियर और उनकी पत्नी का मर्डर हो गया। दोनों कंपनी के क्वार्टर में रहते थे। पड़ोस में रहने वाली महिला ने सुबह पानी की मोटर चलाने के लिए उन्हें कॉल किया। जब उन्होंने फोन नहीं उठाया तो पड़ोसी को शक हुआ।

घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। घर का दरवाजा तोड़ा तो दंपती मृत अवस्था में मिले। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे हुए थे। पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया।

खेतड़ी थाना इंचार्ज अजय सिंह ने बताया कि कंपनी के क्वार्टर में शनिवार रात डबल मर्डर हो गया। बुजुर्ग दर्शन सिंह और उनकी पत्नी महेंद्र कौर की बेरहमी से हत्या कर दी गई।

डॉग स्क्वाड और एफएसएल की टीमें जांच में जुटी हैं।

दंपती के मर्डर के बाद पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया
दंपती के मर्डर के बाद पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया

पड़ोसी ने मोटर चलाने के लिए किया था फोन

खेतड़ी थाना इंचार्ज अजय सिंह ने बताया कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड कंपनी के क्वार्टर नंबर 349 फर्स्ट बी में दर्शन सिंह (75) पुत्र अवतार सिंह और उनकी पत्नी महेंद्र कौर (70) कई वर्षों से रह रहे थे।

दर्शन सिंह हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड में माइनिंग इंजीनियर के पद से 2013 में रिटायर हुए थे। इसके बाद वे कंपनी के आवासीय क्वार्टर में ही रहते थे।

रविवार सुबह 6.40 बजे पड़ोस में रहने वाली महिला ने पानी की मोटर चलाने के लिए दर्शन सिंह के नंबर पर फोन किया। उन्होंने फोन नहीं उठाया। इसके बाद महिला ने दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो महिला ने शोर मचाया। आसपास के लोग जुटे और पुलिस को फोन किया।

सूचना मिलने पर डॉग स्कवाड और एफएसएल की टीम को मौके पर पहुंची।
सूचना मिलने पर डॉग स्कवाड और एफएसएल की टीम को मौके पर पहुंची।

रस्सी से बंधे मिले दंपती के हाथ-पैर

थानाधिकारी अजय सिंह ने बताया कि सूचना पर मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा तोड़ा। जहां दर्शन सिंह जमीन पर पड़े थे। उनके हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे। पास ही सोफे पर उनकी पत्नी महेंद्र कौर पड़ी थीं। उनके भी हाथ बंधे थे। दोनों मृत अवस्था में मिले।

पुलिस का मानना है कि दोनों की मुंह दबाकर हत्या की गई है। घर में किसी तरह की लूट होने के सबूत फिलहाल नहीं मिले हैं। जांच से मौत की वजह सामने आएगी।

मौका मुआयना कर पुलिस ने घटना स्थल को सील कर दिया। डॉग स्क्वाड व एफएसएल की टीम को मौके पर बुलाया और जांच शुरू कर दी।

घटना की सूचना पर खेतड़ी डीएसपी हजारीलाल खटाना, एसपी श्याम सिंह, एएसपी तेजपाल सिंह और बुहाना डीएसपी मुकेश चौधरी भी मौके पर पहुंचे।

एसपी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया
एसपी श्याम सिंह मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का मुआयना किया

रात 10 बजे तक आ रही थी टीवी की आवाज

पड़ोसियों ने बताया कि दंपती अकेले रह रहे थे। दंपती का किसी से भी कोई झगड़ा नहीं था। रात को करीब 10 बजे तक उनके घर में से टीवी की आवाज आ रही थी।

घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई

एक बेटा 1993 से लापता, दूसरा अजमेर में

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दर्शन सिंह मूल रूप से पंजाब के थे। खेतड़ी में वे 50 साल से रह रहे थे। दर्शन सिंह का एक बेटा सुरेंद्र सिंह अजमेर में परिवार के साथ रहता है और ढाबा चलाता है। दूसरा बेटा सुरजीत सिंह 1993 से लापता है। वह 10वीं कक्षा की पढ़ाई के दौरान मुंबई गया था। तब से उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है।

साक्ष्य जुटाकर करेंगे आगे की कार्रवाई: डीएसपी

डीएसपी हजारीलाल खटाना ने बताया कि फिलहाल मौके की गहनता से जांच की जा रही है। सबूत जुटाकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस ने सिंघाना, पचेरीकलां, खेतड़ी, बबाई, मेहाड़ा आदि थानों का अतिरिक्त पुलिस जाब्ता बुलाया है।

पुलिस का कहना है कि अजमेर से बड़ा बेटा सुरेंद्र खेतड़ी के लिए रवाना हुआ है। उसके पहुंचने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम किया जाएगा।

2 डीएसपी, 5 एसएचओ के नेतृत्व में टीमें गठित

वारदात का खुलासा करने के लिए दो डीएसपी व पांच एसएचओ के नेतृत्व में टीमों का गठन किया गया है। एसपी श्याम सिंह ने मौका मुआयना कर खेतड़ी थाने में पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने खेतड़ी डीएसपी हजारीलाल खटाना, बुहाना डीएसपी मुकेश चौधरी व पांच थानाधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया। ये टीमें सबूत जुटाकर घटना को अंजाम देने वाले आरोपियों का सुराग लगाएंगी। साइबर सेल की मदद लेकर जिला स्पेशल टीम को भी लगाया गया है।

शांति से रहते थे, किसी से नहीं थी दुश्मनी

खेतड़ी कॉपर मजदूर संघ के महामंत्री श्यामलाल सैनी ने कहा- हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड कंपनी की कॉलोनी में रह रहे दर्शन सिंह कई साल पहले सेवानिवृत हुए थे। यहां शांति से रह रहे थे। उनका व्यवहार सभी से अच्छा था। बातचीत का तरीका भी सौम्य था। किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। सुबह उठे तो घटना का पता चला। ये कॉलोनी और प्रशासन के लिए दुर्भाग्य की बात है।

एचसीएल (हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड) में दर्शन सिंह के साथी कर्मचारी रहे हसरत हुसैन ने कहा कि दर्शन सिंह व उनकी पत्नी महेंद्र कौर बहुत ही अच्छे स्वभाव के थे‌। सब से मिलते-जुलते रहते थे। दर्शन सिंह काफी बुजुर्ग हो गए थे। वे छड़ी के सहारे चलते थे।

मार्केट में जब आते थे तो दुकान पर बैठकर काफी बातें करते थे। नौकरी के दौरान दर्शन सिंह मजदूरों के हकों के लिए आवाज उठाने में भी सबसे आगे रहते थे। आवासीय कॉलोनी में इस प्रकार की घटना होना बहुत ही दुखदायक है।

60 साल पुराना उपक्रम है हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड

हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड भारत सरकार का उपक्रम है। इसकी नींव वर्ष 1962 में रखी गई थी। 9 नवंबर 1967 को इसमें तांबा निकालने का प्लांट शुरू किया गया था। खेतड़ी नगर में स्थापित हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के प्लांट को एशिया में सबसे अधिक तांबा उत्पादन करने के रूप में जाना जाता था।

हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड प्रोजेक्ट में पहले करीब 20 हजार लोग कार्य करते थे। वर्ष 2008 में शट डाउन कर देने के बाद कर्मचारियों की छंटनी होने लगी। वर्तमान में करीब 500 नियमित कर्मचारी कार्यरत हैं। वर्तमान में हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड प्रोजेक्ट को निजी कंपनियों के द्वारा चलाया जा रहा है।

इस समय एसएमएस लिमिटेड, खेतान लिमिटेड व अन्य कंपनियां कार्य करने में लगी हैं। हिंदुस्तान कॉपर प्रोजेक्ट में खेतड़ी क्षेत्र में तांबे के अथाह भंडार होने के कारण इसे स्थापित किया गया था। यहां खदानों से तांबा निकाला जाता है।

>
Brasilia
17 Mar
29°C
18 Mar
29°C
19 Mar
31°C
20 Mar
27°C
21 Mar
25°C
22 Mar
23°C
23 Mar
23°C
>
Brasilia
17 Mar
29°C
18 Mar
29°C
19 Mar
31°C
20 Mar
27°C
21 Mar
25°C
22 Mar
23°C
23 Mar
23°C
Light
Dark